Ab life ke aur kareeb

ब्रह्मनाद

दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिनांक 11 अक्टूबर 2026 रविवार को प्रातः 6.30 बजे दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र परिसर में लोकप्रिय प्रातःकालीन संगीत सभा ‘ब्रह्मनाद’ का आयोजन किया गया । इसके अंतर्गत सुप्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका विदुषी नंदिनी नरेंद्र बेडेकर ने अपनी विशेष गायन प्रस्तुति दी। विदुषी नंदिनी नरेंद्र बेडेकर हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत जगत की प्रतिष्ठित कलाकार हैं वह गानसरस्वती किशोरी आमोणकर की वरिष्ठतम शिष्या हैं। उन्होंने लगभग 35 वर्षों तक अपने गुरु के सान्निध्य में रहकर जयपुर-अत्रौली घराने की परंपरा तथा गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत अध्ययन कर उच्च आदर्शों को आत्मसात किया है।

संगीत साधना के प्रति समर्पित नंदिनी बेडेकर ने अपने गुरु की संगीत दृष्टि, सौंदर्यबोध एवं आध्यात्मिक चिंतन को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित संगीत समारोहों में अपनी प्रस्तुतियां देकर उन्होंने श्रोताओं के बीच विशिष्ट पहचान बनाई है। एक कुशल गुरु के रूप में भी अनेक शिष्यों को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं। ‘ब्रह्मनाद’ श्रृंखला का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को प्रातःकालीन वातावरण में उत्कृष्ट शास्त्रीय संगीत का रसास्वादन कराना है। यह कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है। यह कार्यक्रम हर माह किसी एक रविवार को केंद्र परिसर में आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है|

Comments are closed.